रविवार, 21 जून 2009

नया भारत गढ़ो.......?


भूमिका
स्वाधीनताप्राप्ति के बाद से भारत की जनता में, विशेषकर नवयुवकों में, राष्ट्र को नये ढंग से गढ़ने की दिशा में सर्वत्र प्रबल उत्साह दिखाई दे रहा है। यह बात अत्यन्त सराहनीय है। तथापि, यह कार्य हाथ में लेने के पहले हमें इस बात की स्पष्ट धारणा होनी चाहिए कि भावी भारत किस प्रकार गढ़ा जाय। जो चित्र अंकित करना हो उसका स्पष्ट स्वरूप मानसनेत्रों के सम्मुख लाने के पश्चात् ही चित्रकार उसे पट पर उतारता है। इसी प्रकार किसी इमारत का निर्माण कार्य आरम्भ करते समय इंजीनिअर पहले इस विषय की पूरी जानकारी प्राप्त कर लेता है कि वह ईमारत किस उद्देश्य से बनाई जा रही है-वह पाठशाला है या अस्पताल, कचहरी है या रहने का मकान। फिर वह नक्शा खींचता है और उसके अनुसार प्रत्यक्ष निर्माण कार्य आरंभ करता है। हमें भी राष्ट्र का गठन कार्य आरम्भ करने से पहले, सर्वप्रथम भावी भारत के स्वरूप के संबंध में स्पष्ट धारणा कर लेनी चाहिए। क्या हमें भारत को एक महान् फौजी राष्ट्र बनाना है ? कदापि नहीं, क्योंकि आज तक कोई भी फौजी शासन अधिक काल नहीं टिक पाया। हिटलर और मुसोलिनी का ही परिणाम देखो।

हमारा राष्ट्र गरीब है। अपने बांधवों की भूख मिटाने के लिए हमें धन चाहिए किन्तु क्या केवल रोटी के टुकड़े से हमारी समस्या हल हो सकेगी ? इतनी वैभवसंपन्नता के बावजूद क्या अमेरिका और उस तरह के अन्य उन्नत राष्ट्रों के लोगों को मन की शांति और सुख मिला है ? ऐसा तो नहीं दिखाई पड़ता। इनमें से कुछ देशों के नवयुवकों की ओर देखो-सम्पन्न परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन देशों में कितने ही युवक और युवतियाँ आज घोर निराशा के शिकार बने हुए हैं। जीवन में अर्जन करने योग्य कुछ भी दिखाई न देने के कारण वे कैसे उद्देश्यहीन बने भटक रहे हैं। उनमें से कुछ तो बड़े रईस हैं। पर जीवन का कोई उद्देश्य न रहने के कारण वे सदा एक प्रकार की भयानक उद्देश्यहीनता महसूस कर रहे हैं। हमें फौजी सामर्थ्य चाहिए परन्तु, वह अपनी स्वाधीनता की सुरक्षा के लिए-न कि फौजी अपने पड़ोसियों को लूटने के लिए। उसी प्रकार हमें धन चाहिए अपने गरीब बांधवों का पेट भरने के लिए-किन्तु धनोपार्जन हमारे राष्ट्र का आदर्श कभी नहीं बन सकता। इन दोनों बातों के अतिरिक्त हमें और एक विशेष बात की आवश्यकता है-वह है शांति। भला वह कौन सी वस्तु है जो हमें शक्ति और समृद्धि के साथ ही शांति भी दे सकेगी ?

अपने प्राचीन इतिहास का अध्ययन कर हमें देखना चाहिए कि अशोक, चन्द्रगुप्त, कनिष्क आदि राजाओं के शासनकाल में शक्ति-सामर्थ्य, समृद्धि तथा सुख, सभी बातों में भारत कितना उन्नत था। यह स्पष्ट ही है कि वैदिक तथा बौद्ध युग हमारे सम्मुख जो महान् आदर्श थे वही हमारे अतीत के गौरव के लिए कारणीभूत हैं। आज हमारी अवनति कैसे हुई, हमारा पतन क्यों हुआ, इसका कारण हमें ढूँढ़ निकालना चाहिए। अतएव भावी भारत का गठन करते समय हमें, जिन आदर्शों ने हमें उन्नत एवं महान् बनाया उनका स्वीकार करना चाहिए तथा जिन बातों के कारण हमारी अवनति हुई उनका त्याग करना चाहिए। साथ ही, हमें कुछ ऐसे नये विषयों का भी ग्रहण करना चाहिए, जो उस युग में उपलब्ध नहीं थे। उदाहरणार्थ-साइन्स और टेकनॉलॉजी।

आज कल हम विज्ञान की खूब दुहाई देते हैं। हम कहा करते हैं-यह बात विज्ञानसंगत नहीं है, यह गलतफहमी है, आदि। किन्तु अपने अतीत काल की ओर बिलकुल ध्यान न दे, उसमें क्या अच्छा था या उसमें कौन सी विशेषता थी जिसके कारण हमारा राष्ट्र गत तीन हजार वर्ष तक गौरवपूर्वक टिका रहा यह समझने का बिलकुल प्रयत्न न करते हुए हम उन पाश्चात्य आदर्शों के पीछे दौड़ते हैं जो ज्यादा से ज्यादा दो सौ वर्ष पहले अस्तित्व में आये और जो आज तक युग की कसौटी में खरे नहीं उतरे। क्या इस प्रवृत्ति को वैज्ञानिक कहा जा सकता है ? क्या पाश्चात्य राष्ट्रों की समस्याओं को सुलझाने में वे आदर्श कभी समर्थ हुए हैं ? क्या उन आदर्शों के कारण उन राष्ट्रों को कभी सुख-शांति मिली है ? ऐसा तो नहीं दिखाई देता। फिर हम इन आदर्शों के पीछे क्यों दौड़ें ?

हम मनुष्य हैं। भगवान ने हमें विचारशक्ति इसलिए दी है कि हम उसका यथायोग्य उपयोग करें, इसलिए नहीं कि जिस प्रकार पशुओं को चाहे जो कोई हाँक ले जाता है, उसी प्रकार कोई भी आकर जोरशोर के साथ कुछ कहने लगे और हम चुपचाप उसके पीछे हो लें। इसलिए मुझे ऐसा लगता है कि हमें अपने अतीव एवं वर्तमान काल के सभी तथ्यों और जानकारियों का संग्रह करना चाहिए, उन पर अच्छी तरह विचार करना चाहिए और उन्हीं के आधार पर भविष्य की योजना बनानी चाहिए। हमें केवल भावनाओं के द्वारा परिचालित नहीं होना चाहिए।

सर्वप्रथम सब से आवश्यक बात है चरित्र। चरित्र के सिवा कोई भी महान् कार्य साध्य नहीं होगा। महात्मा जी की ओर देखो। अपने चरित्र के बल पर उन्होंने सारे राष्ट्रों को किस प्रकार अपने हाथ में ले लिया और अंग्रेजों को भारत छोड़ने के लिए विवश किया। इसके लिए उन्होंने तोपें, ऑटम बाँब आदि का उपयोग नहीं किया। अतएव यदि हममें भारत को महान् बनाने की इच्छा हो तो हमें सर्वप्रथम अपना चरित्र निर्माण करना होगा। फिर अपनी विचारशक्ति का उपयोग कर हमें भारत को किस प्रकार गढ़ना है इसका योग्य अध्ययन करने के बाद ही कार्य आरम्भ करना चाहिए-फिर यदि उस प्रयत्न में हमें प्राणों का भी बलिदान करना पड़े तो भी पीछे नहीं हटना चाहिए। इस प्रकार के अध्ययन के लिए स्वामी विवेकानन्द का साहित्य हमारे लिए अत्यन्त मार्गदर्शक सिद्ध होगा। वह हमें भारतीय संस्कृति एवं भारतीय आदर्शों की महानता का परिचय करा देगा।

स्वामी विवेकानन्द के साहित्य से संकलित यह पुस्तक, भारत की वर्तमान अवनति के कारण, उसकी वर्तमान परिस्थिति एवं उसके पुनरुज्जीवन के उपाय के संबंध में स्वामीजी के विचारों का दिग्दर्शन करा देगी। आशा है, महत्तर भारत गढ़ने की महत्त्वाकांक्षा रखनेवाले हमारे नवयुवकों के लिए यह पुस्तक सहायक सिद्ध होगी।
हमारा पवित्र भारतवर्ष धर्म एवं दर्शन की पुण्य-भूमि है। यहीं बड़े बड़े महात्माओं तथा ऋषियों का जन्म हुआ है, यही संन्यास एवं त्याग की भूमि है तथा यहीं-केवल यहीं-आदि काल से लेकर आज तक मनुष्य के लिए जीवन के सर्वोच्च आदर्श एवं मुक्ति का द्वार खुला हुआ है।1

प्रत्येक राष्ट्र की एक विशिष्टता होती है, अन्य सब बातें उसके बाद आती हैं। भारत की विशिष्टता धर्म है। समाज-सुधार और अन्य सब बातें गौण हैं।2

(हमारी) जाति अभी भी जीवित है, धुकधुकी चल रही है, केवल बेहोश हो गयी है।......देश का प्राण धर्म है, भाषा धर्म है तथा भाव धर्म है। तुम्हारी राजनीति, समाजनीति, रास्ते की सफाई, प्लेग निवारण, दुर्भिक्ष पीड़ितों को अन्नदान आदि आदि चिरकाल से इस देश में जैसा हुआ है, वैसे ही होंगे अर्थात् धर्म के द्वारा यदि होगा तो होगा अन्यथा नहीं। तुम्हारे रोने-चिल्लाने का कुछ भी असर न होगा।3 अत: यदि तुम धर्म का परित्याग करने की अपनी चेष्टा में सफल हो जाओ और राजनीति, समाजनीति या किसी दूसरी चीज को अपनी जीवन-शक्ति का केन्द्र बनाओ, तो उसका फल यह होगा कि तुम एकबारगी नष्ट हो जाओगे।4

हे भारत उठो जागो


‘‘यह देखो, भारतमाता धीरे-धीरे आँखें खोल रही है।
वह कुछ देर सोयी थी।
उठो, उसे जगाओ और पहले की अपेक्षा और भी गौरवमण्डित करके भक्तिभाव से उसे उसके चिरन्तन सिंहासन पर प्रतिष्ठित कर दो !’’
स्वामी विवेकानन्द
स्वदेश-मंत्र
हे भारत ! तुम मत भूलना कि तुम्हारी स्त्रियों का आदर्श सीता, सावित्री, दमयन्ती है; मत भूलना कि तुम्हारे उपास्य सर्वत्यागी उमानाथ शंकर हैं; मत भूलना कि तुम्हारा विवाह, धन, और जीवन, इन्द्रिय-सुख के लिए—अपने व्यक्तिगत सुख के लिए—नहीं है, मत भूलना कि तुम जन्म से ही ‘माता’ के लिये बलिस्वरूप रखे गए हो; तुम मत भूलना कि तुम्हारा समा उस विराट महामाया की छाया मात्र है; मत भूलना कि नीच, अज्ञानी, दरिद्र, चमार और मेहतर तुम्हारे रक्त हैं, तुम्हारे भाई हैं। वे वीर ! साहस का आश्रय लो। गर्व से कहो कि मैं भारतवासी दरिदज्र भारतवासी, ब्राह्मण भारतवासी, चाण्डाल भारतवासी—सब मेरे भाई हैं, भारतवासी मेरे प्राण हैं, भारत की देव-देवियाँ मेरे ईश्वर हैं, भारत का समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और मेरे बुढ़ापे की काशी है। भाई, बोलो कि भारत की मिट्टी मेरा स्वर्ग है, भारत के कल्याण से मेरा कल्याण है; और रात-दिन कहते रहो—‘‘हे गौरीनाथ ! हे जगदम्बे; मुझे मनुष्यत्व दो, माँ ! मेरी दुर्बलता और कामरूपता दूर कर दो। माँ मुझे मनुष्य बना दो।’’
-स्वामी विवेकानन्द
अमृत मंत्र
हे अमृत के अधिकारीगण !
तुम तो ईश्वर की सन्तान हो,
अमर आनन्द के भागीदार हो,
पवित्र और पूर्ण आत्मा हो !
तुम इस मर्त्यभूमि पर देवता हो !...
उठो ! आओ ! ऐ सिंहो !
इस मिथ्या भ्रम को झटककर
दूर फेंक दो कि तुम भेड़ हो।
तुम जरा-मरण-रहित नित्यानन्दमय आत्मा हो !
-स्वामी विवेकानन्द

शनिवार, 20 जून 2009

गृहस्थ: एक तपोवन


‘धन्यो गृहस्थाश्रम:’ कहकर हमारे ऋषि-मुनियों ने चारों आश्रमों में गृहस्थाश्रम ही धन्य कहे जाने योग्य है, ऐसा श्रुति में कहा है। जिस तरह समस्त प्राणी माता का आश्रय पाकर जीवित रहते हैं, उसी तरह सभी आश्रम गृहस्थाश्रम पर आधारित हैं। वस्तुत: किसी भी समाज या राष्ट्र के विकास के लिए परिवार संस्था का स्वस्थ, समर्थ व सशक्त होना जरूरी है। यह सहजीवन के व्यावहारिक शिक्षण की प्रयोगशाला है। बिना किसी बाह्य दण्ड, भय या कानून के चलने वाली संस्था एकमात्र ऐसी संस्था है जो आनुवांशिक संस्कारों एवं पारस्परिक विश्वास पर निर्भर रह, अविच्छृंखल स्थिति में न जाकर सतत गतिशील रहती आयी है। बिना स्वार्थों का त्याग किए सहजीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती एवं त्याग, सहिष्णुता, सेवा की धुरी पर यह संस्था मात्र भारतीय संस्कृति की ही विशेषता है एवं सदा रहेगी।

परमपूज्य गुरुदेव ने गृहस्थाश्रम को समाज का सुनागरिक देने की खान मानते हुए इसे मानते एक आदर्श समाज की अनिवार्य आवश्यकता माना है। मनुष्य की सहज वृत्ति कामवासना को पति-पत्नी में एक-दूसरे के प्रति कर्तव्यनिष्ठा में परिवर्तित कर कामोपभोग को एक सांस्कृतिक संस्कार बनाकर सामाजिक मूल्य का रूप देना गृहस्थाश्रम की ही देन है। गृहस्थाश्रम कामोपभोग का प्रमाण पत्र नहीं, अपितु संयम-ब्रह्मचर्य मूलक होने का प्रतीक माना गया है।

गृहस्थ तप और त्याग का जीवन कहा गया है। इस धर्म के परिपालन के लिए किया गया कोई भी प्रयास किसी तप से कम नहीं है। गृहस्थ में स्वयं को अपनी वृत्तियों पर अंकुश लगाना पड़ता है। चिकित्सा, भोजन, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के लिए सब प्रबन्धन करने हेतु अपना पेट काट कर सारी व्यवस्था करनी होती है, एक जिम्मेदारी से भरा जीवन जीना पड़ता है। सचमुच गृहस्थाश्रम एक यज्ञ है, जिसमें प्रत्येक सदस्य उदारता पूर्वक सहज ही एक दूसरे के लिए कष्ट सहते हैं, एक दूसरे के लिए त्याग करते हैं। गृहस्थाश्रम समाज के संगठन, मानवीय मूल्यों की स्थापना, समाजनिष्ठा, भौतिक विकास के साथ-साथ मनुष्य के आध्यात्मिक, मानसिक विकास का भी क्षेत्र है एवं इस प्रकार समाज के व्यवस्थित स्वरूप का मूलाधार है।

श्रेष्ठ संतान, सुसंतति देने की खान गृहस्थ धर्म को ही माना गया है। भक्त, ज्ञानी, सन्त, महात्मा, महापुरुष, विद्वान, पण्डित गृहस्थाश्रम से ही निकल कर आते हैं। उनके जन्म से लेकर शिक्षा-दीक्षा, पालन-पोषण, ज्ञानवर्धन गृहस्थाश्रम के बीच ही हो पाता है। परिवार के बीच ही महामानव प्रशिक्षण पाकर निकलते व किसी समाज के विकास का निमित्त बन पाते हैं। इसी कारण इस संस्था के महत्त्व को सर्वोपरी बताते हुए पूज्यवर वाङ्मय के इस खण्ड में दामपत्य जीवन के निर्वाह, सफल दाम्पत्य, जीवन के मूलभूत सिद्धान्त, संतानों की संख्या नहीं स्तर बढ़ाया जाय तथा दाम्पत्य जीवन को एक स्वर्ग जैसा मानते हुए वैसा जीवन जिया जाय, इन सभी पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हैं।

आज इस संस्था में विघटन होता दीख पड़ता है। मध्यकाल में आई कुरीतियों के कारण कच्ची उम्र में विवाह, छूँछ हो गए जीवनी-शक्ति विहीन शरीरों द्वारा कमजोर संततियों को जन्म, लड़का-लड़की में भेद के कारण संतानों की बढ़ती संख्या, पारस्परिक मनोमालिन्य व द्वेष के कारण नारकीय वातावरण, रूप-सज्जा व कामुकता पर अधिक ध्यान होने से विवाहेतर संबंधों में अधिकता, यौन स्वच्छन्दता से लेकर पति-पत्नी दोनों की निजी मनोवैज्ञानिक त्रुटियों के कारण बोझ बन गया गृहस्थी का संसार-यह कुछ ऐसा विकृत स्वरूप है जिस पर आज सर्वाधिक ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। बढ़ती आधुनिकता व फैशन फिजूलखर्ची की होड़ में अधिकाधिक परिवार संस्कार विहीन, दरिद्र एवं सुख-शांति से विहीन होते देखे जा सकते हैं। कैसे वह पुरुषार्थ किया जाय कि संस्कारों को पुनर्जीवित करनेवाली यह संस्था पुन: अपना पूर्व वाला स्वरूप ले सके, यह आग युग पुरुष पूज्य गुरुदेव के अन्त:करण में सतत धधकती रही। उसी आग को सुव्यवस्थित रूप देते हुए उनने वाङ्मय के इस खण्ड में गृहस्थ रूपी तपोवन के मापदण्ड बताए एवं व्यावहारिक तथ्य समझाए हैं।

परमपूज्य गुरुदेव लिखते हैं कि दाम्पत्य प्रेम एवं सहयोग की सफलता में जब पुरुष को पहल करनी पड़ेगी, क्योंकि चिरअतीत में पुरुषों के अंत:पुरों- हरमों में लाखों स्त्रियों के उत्पीड़न सहे व आँसू बहाते दिन बिताए हैं। वे लिखते हैं कि अब पुरुषों को ही आगे आना होगा, प्रायश्चित करना होगा ताकि इतने लम्बे समय तक शोषण सहती आ रही स्त्रियाँ न्याय पा सकें। परमपूज्य गुरुदेव का नारी जाग्रति अभियान पूर्णत: इसी प्रकार टिका है कि नर न नारी एक ही गाड़ी के दो पहियों की तरह एक साथ मिलकर दायित्व निर्वाह करते हुए एक सफल समर्थ गृहस्थ संस्था का निर्माण कर प्रजातंत्र को सशक्त व रूढ़िवादिता-प्रतिगामिता से मुक्त बनाएँ।

आज समाज में अविवाहित कन्याओं की उम्र भी बढ़ती जाती है एवं संख्या भी। सुयोग्य जोड़ियाँ न मिल पाने के कारण अन्तर्जातीय विवाह के लिए मानसिकता न बन पाने के कारण विवाह प्रक्रिया पश्चिम की तरह एक खिलवाड़ बनती चली जा रही है। एक भारी दायित्व जिसे माना गया है यदि वह कामवासना की पूर्ति का एक माध्यम मात्र बन जायगा तो समाज जीवित कैसे रहेगा-जिम्मेदार नागरिक कहाँ से पैदा होंगे ? यह भी ज्वलन्त प्रश्न ‘गृहस्थ योग’ रूपी इस शोध प्रबन्ध स्तर के खण्ड में रखे व उनके समाधान दिए गए हैं। यह खण्ड आज के टूटते समाज के नैतिक मूल्यों पर करारी चोट कर सामयिक समाधान देता है तथा एक ऐसी व्यवस्था की बात करता है जिससे परिवार संस्था सशक्त, समर्थ बने एवं राष्ट्र पुन: अपनी गौरव-गरिमा को प्राप्त कर सके।
ब्रह्मवर्चस .....
संकलन .......
अनिल महाजन ( पंडागरे )

विवाह और दाम्पत्य जीवन का निर्वाह


विवाह खिलवाड़ नहीं, भारी दायित्व है

सड़े-गले विचारों वाले दकियानूसी समुदाय में यह अपेक्षा की जाती है कि विवाह के उपरान्त जल्दी ही सन्तान होनी चाहिए। उसे सौभाग्य समझा जाता है। विवाह हुए कुछ समय निकल जाये और सन्तान न हो तो चिन्ता की जाने लगती है। वधू को बन्ध्या कहकर उस पर दोषारोपण का सिलसिला चल पड़ता है। दूसरा विवाह कर लेने की बात सोची जाने लगती है। खाली गोद नारी को अभागी कहा जाने लगता है। जबकि ऐसे अधिकांश मामलों में पुरुष की दुर्बलता ही आधारभूत कारण होती है। लड़कों में बचपन से ही कुटेबें पड़ जाती हैं और वे अपना पुरुषत्व खो बैठते हैं। ऐसी दशा में पुरुष की हीनता का दोष नारी के सिर पर मढ़ने का रिवाज ही व्यापक होते देखा गया है। जिनके जल्दी-जल्दी कई बच्चे हो जाते हैं उन्हें भाग्यवान कहा जाता है। लड़के हुए तो सोचा जाता है कि कमाई से घर भरेगा। लड़कियाँ होने लगें तो लड़कों की प्रतीक्षा में उस संदर्भ में और भी जल्दबाजी के प्रयोग किये जाते हैं। कई बार तो इसी प्रयोग में ढेरों लड़कियों से घर भर जाता है और उनके लिए जननी को लज्जित-तिरस्कृत किया जाता है।

विचारणीय प्रश्न यह है कि क्या विवाह के उपरान्त जल्दी ही बच्चे होने चाहिए और उनकी संख्या बढ़ती ही रहनी चीहिए ? समय को देखते हुए यह चिन्तन सर्वथा अनुपयुक्त ही कहा जा सकता है। ईसा के चार हजार वर्ष पूर्व संसार भर में मनुष्य की जनसंख्या पाँच करोड़ के करीब थी। अब वह बढ़कर 600 करोड़ हो गयी है। यह बढ़ोत्तरी यदि इसी चक्रवृद्धि गति से चलती रही तो अगले पचास वर्ष में यह गणना 1000 करोड़ तक पहुँच सकती है।

वर्तमान स्थिति का पर्यवेक्षण करने से पाया गया है कि जितने मनुष्य अभी हैं उनके लिए खाद्य पदार्थ कम पड़ रहे हैं। ईधन बेतहाशा घट रहा है। लकड़ी, कोयला, कोल, बिजली आदि को अधिक मात्रा में उपलब्ध किये जाने की पग-पग पर आवश्यकता अनुभव की जाती है।

बढ़ती हुई आबादी के लिए रोजी, शिक्षा, चिकित्सा, मकान आदि सभी जीवनोपयोगी वस्तुएँ कम पड़ती जाती हैं। अनुमान है कि यह संकट अगले पचास वर्ष में अत्यधिक भयावह रूप धारण कर लेगा। कारखानों की बढ़ोत्तरी से हवा और पानी विषाक्त होता चला जाता है। खाद्य के साथ खनिजों की भी कमी पड़ेगी। धरती का जितना दोहन संभव है, उसकी चरमसीमा पर जा पहुँचा है। जनसंख्या बढ़ते रहने पर दुर्भिक्ष पड़ेंगे। बेरोजगारी, बीमारी, अशिक्षा का अनुपात बढ़ेगा। ऐसी दशा में प्रगति के लिए किये जाने वाले सभी प्रयास ओछे पड़ते जायेंगे। मनुष्य जाति क्रमश: मुसीबत के अधिक गहरे दलदल में फँसती जायगी।

विज्ञजनों की पुकार है कि अब धरती का बोझ न बढ़ाया जाय। सन्तानोत्पादन रोका जाय। इस कारण जो भारी विपत्ति बढ़ रही है उसे यहीं पर विराम दिया जाय। जो समझाने पर नहीं समझते उन्हें कड़ा दण्ड दिया जाय। जिस भी उपाय से प्रजनन रुकता हो उसे काम में लाया जाय। परिवार नियोजन की आवश्यकता जनसाधारण को समझाने के लिए सरकारें विपुल धन खर्च कर रही हैं, पर अनगढ़ों की कमी नहीं। वे अपने लिए स्वयं विपत्ति मोल लेने से बाज नहीं आ रहे हैं। यह भारी चिन्ता का विषय है और भयानक दुर्गति की संभावना का भी। लगता है कि नासमझी की विकल्प प्रताड़ना ही हो सकती है। भले ही वह शासन द्वारा, समाज द्वारा या प्रकृति द्वारा की जाय।

कुछ समय पहले यह समझा जाता था कि विवाह एक अनिवार्य आवश्यकता है। जिसे हर किसी को करना चाहिए। अरोग्य लड़कियों और लड़को भी किसी प्रकार इस बंधन से बाँध दिया जाता था। विवाह का अर्थ यौनाचार की खुली छूट भी है। यौनाचार का प्रतिफल है सन्तानोत्पादन। यह कर्म चल पड़े तो फिर बहुत समय तक चलती ही रहता है। एक-एक जोड़ा कई-कई सन्तानें जनता है। उनकी संख्या कई बार तो दस बारह तक पहुँचती है। औसत प्रजनन चार-पाँच तक तो होता ही है। इनमें से दो-तीन मर भी जायें तो भी हर पचास वर्ष में आबादी दूनी हो जाती है और फिर वह चक्रवृद्धि दर से बढ़ती है। इनमें से अधिकांश अनपढ़ और अशिक्षित होते हैं।

संकलन .......
अनिल महाजन ( पंडागरे )

शुक्रवार, 19 जून 2009

नारी के प्रति द्र्स्टीकोण बदलिए....?


नारी को पददलित बनाकर मनुष्य ने क्या पाया ?
नारी क्या सदा पददलित ही बनी रहेगी ?
अशिक्षा, घर की चहारदिवारी का कारावास, पर्दा-प्रथा, बहुप्रजनन, कामिनी और रमणी के रूप में साहित्य तथा कला में चित्रण आदि कितने ही कुचक्र हैं जो नारी को छलने के लिए सदियों से चले आ रहे हैं और नित नये ढंग से निकलते जा रहे हैं। इन कुचक्रों के कारण दिनोंदिन नारियों की होती जा रही दुर्दशा को देखकर यह विचार आता है कि पुरुष कहीं उसकी अपार क्षमता और असंदिग्ध योग्यता को देखकर खौफ तो नहीं खा गया है और उसकी क्षमताओं तथा योग्यताओं को विकसित न होने देने के लिए तरह-तरह के षड्यन्त्र रचने में अपनी बुद्धि का प्रयोग करने लगा है ?
नाना विधि बन्धनों और प्रतिबन्धों के कारण यह कहना पड़ रहा है कि पुरुष का व्यवहार नारी के प्रति एक शत्रु जैसा रहा है और वह उसे मोहक षड्यंत्रों में फँसाकर अबोध तथा अबला बनाये रखने में सफल हुआ हो। अच्छा तो यह है कि उसे इन कुचक्रों में न फँसाया जाय और उसकी क्षमताओं तथा योग्यताओं को विकसित होने देकर समाज की गाड़ी को प्रगति के पथ पर दौड़ाया जाय, पर जहाँ झूठे अहं का सवाल है, वहाँ समाज को कितनी हानि उठानी पड़ रही है, यह विचार करने का समय किसके पास है ?

उँगलियों पर गिने जाने योग्य है, उन महिलाओं की संख्या, जिन्होंने अपनी क्षमताओं की पहचान और उत्पन्न की गयी बाधाओं की परवाह किये बिना आगे बढ़ीं, पर अधिकांश 99 प्रतिशत कहा जाय तो अत्युक्ति न होगी कि महिलाएँ दीन-हीन अवस्था में हैं, अबला है, आश्रिता हैं, दासी हैं और एक विचारक के तीक्ष्ण शब्दों में ‘सुरक्षित वेश्या’ है।
नारी की क्षमता को अवरुद्ध रखने में सबसे बड़ा प्रतिबन्ध है-शिक्षा का। अशिक्षा नारी के लिए एक षड्यन्त्र ही है और वह षड्यन्त्र इतने सुन्दर ढंग से रचा गया है, उसके पीछे इतने बढ़िया तर्क दिये गये हैं कि पुरुष की नियत पर सन्देह करना ही पड़ता है। उदाहरण के लिए कहा जाता है-‘‘नारियों के लिए पढ़ने की क्या जरूरत, उन्हें कोई नौकरी-चाकरी तो करनी नहीं, न किसी घर की मालकिन बनना है। उसके लिए तो घर ‘गृहस्थी’ का काम सीख लेना ही पर्याप्त है।’’

अहा ! कितना सुन्दर तर्क है, पर क्या शिक्षा प्राप्ति का एकमात्र उद्देश्य नौकरी करना ही है। लोग जानते हैं कि आजकल पढ़े-लिखे लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि आज जो बच्चे पढ़ रहे हैं और जब पढ़कर बड़े हो जायेंगे, तब उनके लिए नौकरी मिल जायेगी इसकी दस प्रतिशत भी उम्मीद नहीं है। पढ़-लिखकर नौकरी करने का प्रचलन तो ब्रिटिश काल में हुआ, उससे पहले क्या सभी लोग अशिक्षित थे ? बल्कि उस समय की शिक्षा ने जितना ज्ञान और जितना साहित्य दिया, उतना प्रगल्भ तथा उच्चस्तर आज के शिक्षा स्तर में कहीं दिखाई ही नहीं देता। प्राचीनकाल में कौन-सी नौकरियाँ थीं, कौन से विभाग थे ? कौन से पद थे ? जिन्हें प्राप्त करने के लिए लड़के और लड़कियों की शिक्षा पर समान रूप से ध्यान दिया जाता था।

‘‘किसी घर की मालकिन नहीं बनना है।’’ तर्क भी निराधार है। एक तो प्रत्येक कन्या को विवाह के बाद गृहिणी बनना पड़ता है और गृहिणी घर की मालकिन ही तो होती है। घर का संचालन, घरेलू कामकाजों को निबटाने में ही उतनी योग्यता और चतुरता की आवश्यकता पड़ती है, जितनी कि किसी व्यवसाय के प्रबन्ध में। अशिक्षित नारी की गृह-व्यवस्था और शिक्षित नारी की गृह-व्यवस्था में जमीन आसमान का अन्तर देखा जा सकता है और यह कहना भी अनुपयुक्त होगा कि घर का काम-काज सीख लेना ही पर्याप्त है, क्योंकि घरेलू काम-काज निबटाने में ‘‘मुश्किल’’ से चार-छह घण्टे लगते हैं। इसके बाद स्त्रियाँ फालतू हो जाती हैं। यदि वे पढ़ी-लिखी हों तो अपने फालतू समय का उपयोग ज्ञानवर्द्धन में कर सकती है अन्यथा खाली बैठी दो-चार स्त्रियाँ गपशप और दूसरों की भलाई-बुराई में ही अपना समय नष्ट कर डालती हैं। यदि कन्या-शिक्षा नारी-शिक्षा का समुचित प्रबन्ध किया जाय तो उसका लाभ केवल स्त्री को ही नहीं पूरे परिवार को मिलेगा। वह बच्चों का ढंग से पालन-पोषण कर सकती हैं, उनके व्यक्तित्व को विकसित करने के लिए संस्कार डाल सकती हैं, घरेलू मामलों में अपनी बुद्धि से सही परामर्श दे सकती हैं।

द्वारा - गायत्री परिवार से संकलन

अनामिका पंडागरे
सुपुत्री
अनीता अनिल महाजन ( पंडागरे )
Administer
http://www.lonarikunbi.in
!!! लोणारी कुनबी वेबपरिचायिका !!!

मंगलवार, 16 जून 2009

आपके मार्गदर्शन के बिना मेरा प्रयास अधुरा .....?


Social Activites & संदेश

आप सभी से मेरा अनुरोध है कि आप लोग वेबपरिचायिका के आशय एवं महत्व को समझे !
एवं अपनी अपनी प्रतिक्रिया हमें अवश्य दे ! ताकि मै आप सभी के विचार जान सकू ! और अगर मै कोई गलती कर रहा हूँ , तो उसे सुधार सकूँ , और मै अच्छा कर रहा हूँ , तो प्रोह्त्साहित होकर - आपके लिए और अपने समाज के लिए और भी अच्छा काम कर सकूँ !

धन्यवाद .....

आपका भाई
अनिल महाजन ( पंडागरे )

शनिवार, 13 जून 2009

!!!! लोणारी कुनबी वेबपरिचायिका !!!!


लोणारी कुनबी वेबपरिचायिका

अखिल भारतीय क्षत्रिय लोणारी कुनबी समाज के लिए यह अनमोल धरोहर आपके समक्ष है मुझे विश्वास ही नही पुरी उम्मीद है कि समूचे भारत एवं विदेशो मे बसे कुनबी समाज बंधुओ को आपसी परिचय एवं संगठित करने के प्रयास स्वरूप http://www.lonarikunbi.in/ वेबपरिचायिका समाज के लिए एक अनमोल कृति अविस्मर्णीय , संगृहीत धरोहर साबित होगी !

आपका भाई
अनिल महाजन ( पंडागरे )
Administer
!!! लोणारी कुनबी वेबपरिचायिका !!!